newspatnarajnitiबिहार

राबड़ी देवी आज खाली करेंगी 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास, सरकार ने दिया अंतिम नोटिस

बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित सरकारी आवासों में शामिल 10 सर्कुलर रोड को खाली करने की तय समय-सीमा सोमवार को समाप्त हो रही है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी निर्धारित समय के भीतर यह सरकारी बंगला खाली करती हैं या नहीं। यदि समय सीमा के बाद भी आवास खाली नहीं होता है तो भवन निर्माण विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर सकता है।

बीते कई दिनों से बंगले से सामान हटाने का काम लगातार जारी है। रविवार देर रात तक शिफ्टिंग का सिलसिला चलता रहा। आवास में लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य जरूरी सामान पहले ही हटाए जा चुके हैं। हालांकि लालू परिवार स्थायी रूप से किस आवास में रहेगा, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बंगले से निकाला जा रहा अधिकांश सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में पहुंचाया जा रहा है। वहीं कुछ सामान महुआबाग स्थित निजी आवास में भी भेजा गया है। माना जा रहा है कि फिलहाल लालू परिवार अस्थायी रूप से तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में रह सकता है।

राज्य सरकार ने राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। वहां मरम्मत और आवश्यक बदलाव का काम लगभग पूरा हो चुका है। बताया जा रहा है कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड फ्लोर पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भवन निर्माण विभाग ने 22 जून को अंतिम नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर 10 सर्कुलर रोड का आवास खाली करने का निर्देश दिया था। इससे पहले भी विभाग चार बार नोटिस जारी कर चुका था। अंतिम नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि 29 जून तक आवास खाली नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सरकार पहले ही इस सरकारी बंगले का आवंटन मंत्री नंदकिशोर राम के नाम कर चुकी है। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि आज आवास पूरी तरह खाली होता है या मामला प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंचता है।

Related Articles

Back to top button