
पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड पर रविवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। डालडा वनस्पति के एक गोदाम में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे गोदाम में फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दीदारगंज थाना और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग इतनी भीषण थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर दीदारगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और पूरे राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। फायर विभाग के अधिकारियों ने भी लगातार अभियान चलाकर आग को फैलने से रोका।
फायर विभाग के मुताबिक, आग बुझाने के लिए 21 से अधिक छोटी-बड़ी दमकल गाड़ियां और हाइड्रोलिक फायर यूनिट को लगाया गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
फायर अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। वहीं, गोदाम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



