newsबिहारराजनीति

राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को लिखा पत्र, 11 जुलाई को बिहार में छात्रों से करेंगे मुलाकात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी के देशव्यापी अभियान को तेज करने का फैसला किया है। इसी क्रम में उन्होंने कांग्रेस संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को पत्र लिखकर प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही 11 जुलाई को बिहार आकर छात्रों से संवाद करने का भी कार्यक्रम तय किया गया है।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि देश का युवा इस समय कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। लगातार पेपर लीक की घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, बार-बार री-एग्जाम, सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया में देरी, बड़ी संख्या में खाली पद और बढ़ती बेरोजगारी ने लाखों युवाओं और उनके परिवारों को चिंता में डाल दिया है। इसके अलावा शिक्षा का बढ़ता खर्च भी छात्रों पर अतिरिक्त बोझ बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ रैली से राष्ट्रीय स्तर पर एक नई चर्चा की शुरुआत हुई है। अब कांग्रेस इस अभियान को देशभर में आगे बढ़ाएगी ताकि युवाओं की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाया जा सके।

इसी अभियान के तहत राहुल गांधी 11 जुलाई को बिहार पहुंचेंगे, जहां वे छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाएंगे।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में पार्टी के महासचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों, प्रभारियों, विभागाध्यक्षों, जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को पूरा सहयोग देने की भी बात कही है।

कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाना और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के साथ रोजगार के अधिक अवसरों की मांग करना भी है। अब सबकी नजर 11 जुलाई को होने वाले राहुल गांधी के बिहार दौरे और छात्रों के साथ उनके संवाद पर टिकी हुई है।

Related Articles

Back to top button