newspatnaबिहार

बिहार को मिली हाई-स्पीड रेल की सौगात, पटना से दिल्ली का सफर होगा महज 5 घंटे में

छपरा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के रेलवे विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में रेल नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है।

रेल मंत्री ने बताया कि हाल ही में शुरू की गई पुणे-पटना रेल सेवा के बाद अब बिहार को और बेहतर रेल कनेक्टिविटी देने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बिहार भी बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जुड़ेगा, जिससे पटना से दिल्ली की दूरी महज पांच घंटे से भी कम समय में तय की जा सकेगी।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले बिहार को रेलवे के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 10,000 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष कर दिया गया है। इसी बढ़े हुए निवेश का असर है कि राज्य में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है और कई मार्गों पर तीसरी एवं चौथी रेल लाइन बिछाने का काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि बिहार में फिलहाल 11 अमृत भारत एक्सप्रेस और 14 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है। साथ ही अगले 5 से 8 वर्षों के भीतर राज्य से करीब 200 नई ट्रेनों के परिचालन की संभावना है।

रेल मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार के मढ़ौरा स्थित रेल इंजन कारखाने में तैयार हो रहे आधुनिक लोकोमोटिव अब विदेशों में भी निर्यात किए जा रहे हैं, जो राज्य के औद्योगिक विकास की बड़ी उपलब्धि है।

Related Articles

Back to top button