
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में देश की जनता को भारी महंगाई का सामना करना पड़ेगा। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लगातार ईंधन का दाम बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर बोझ डाल रही है। उनके मुताबिक बीते 10 दिनों में तेल की कीमतों में करीब 5 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है और अभी भी राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब भी जनता को राहत नहीं दी गई और अब जबकि क्रूड ऑयल पहले से सस्ता है, फिर भी पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि साल 2014 की तुलना में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद आज ईंधन के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई का असर रोजगार, छोटे उद्योगों और आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा। उनके अनुसार प्राइवेट सेक्टर में नौकरियां कम होंगी, प्रवासी मजदूरों की वापसी बढ़ेगी और बेरोजगारी तथा गरीबी में इजाफा होगा। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों जैसे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने की बजाय सरकार केवल राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों पर फोकस कर रही है।
गौरतलब है कि सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी की। करीब 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव की वजह से यह फैसला लिया गया है।



