
पटना। बिहार की सत्ता से नीतीश कुमार के हटने और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य की सियासत में लगातार बयानबाजी का दौर जारी है। इसी बीच, बाहुबली छवि वाले पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गोपाल मंडल ने खुले तौर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपनी जान को खतरा बताया। उन्होंने कहा कि यदि वह सरकार या मुख्यमंत्री के खिलाफ बोलेंगे, तो उन्हें जान से मरवा दिया जाएगा।पटना में मीडिया कर्मियों से घिरे पूर्व विधायक मुख्यमंत्री से जुड़े सवालों पर बेहद असहज नजर आए। राज्य के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संदर्भ में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “हम कुछ नहीं बोलेंगे। घेरवाइएगा क्या हमको, सम्राट चौधरी हमको मरवा देंगे।” उन्होंने पत्रकारों से बार-बार आग्रह किया कि उनसे सरकार के विरोध में कुछ न बुलवाया जाए। इस दौरान एक गाड़ी को पीछे से आते देख वह अचानक घबरा गए और यह कहते हुए निकल गए कि “आ गए मुख्यमंत्री क्या? छोड़िए हमारी जान छोड़िए। सम्राट चौधरी पूछेंगे तो कहिएगा कि हमने सरकार के खिलाफ कुछ नहीं बोला है।” बांकीपुर विधानसभा में भाजपा की करारी शिकस्त और जन सुराज की जीत पर भी पूर्व विधायक ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने प्रशांत किशोर की जीत का श्रेय उनके मुखर वक्ता होने और छात्रों के आंदोलन को दिया। भाजपा की रणनीतिक चूक पर टिप्पणी करते हुए मंडल ने कहा कि बांकीपुर बुद्धिजीवियों का क्षेत्र है, लेकिन भाजपा ने वहां एक साधारण उम्मीदवार को मैदान में उतारा।
यदि किसी बड़े चेहरे को चुनाव लड़ाया जाता, तो भाजपा यह चुनाव जीत सकती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले बांकीपुर की जनता नीतीश कुमार का चेहरा देखकर वोट देती थी। अब उनके मुख्यमंत्री पद से हटने और राज्यसभा जाने का सीधा नुकसान भाजपा को चुनाव में उठाना पड़ा है।राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए गोपाल मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा व आवास वापस लिए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद तेजस्वी यादव को कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए था और भूचाल ला देना चाहिए था, लेकिन वह केवल मुंह ताकते रह गए। एक तरफ खुद को किसी से न डरने वाला ‘फाइटर’ और ‘उखाड़ फेंकने वाला’ बताने वाले गोपाल मंडल, मीडिया के सामने बार-बार सरकार के खौफ का जिक्र करते और अपनी जान बचाकर निकलते हुए नजर आए।



