
मोतिहारी। शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखौरा जाने वाले बाईपास स्थित आजाद चौक के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक पिकअप वैन से 1989 लीटर मिलावटी पेट्रोल जब्त किया है। मौके से मिलावटी पेट्रोल खपाने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को भी धर-दबोचा गया है, जो पुलिस को चकमा देकर भागने की फिराक में था।नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में अवैध और मिलावटी पेट्रोल खपाने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आलोक में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने लखौरा की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे पर सघन जांच अभियान चलाया और घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोका गया। पुलिस को देखते ही पिकअप चालक गाड़ी छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के बरमदिया गांव निवासी हरिशंकर पंडित के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है।प्रारंभिक पूछताछ में पेट्रोल तस्करी के इस बड़े खेल का खुलासा हुआ है। बताया जाता है कि यह शातिर गिरोह मुख्य रूप से पेट्रोल टैंकरों से तेल की कटिंग कर उसमें मिलावट का काम करता था। इसके बाद इस मिलावटी और अमानक पेट्रोल को ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों का लालच देकर खपाया जाता था।पुलिस अब यह गहराई से पता लगाने में जुटी है कि पेट्रोल की यह खेप मूल रूप से कहां से लाई गई थी और इस पूरे सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार चंदन कुमार से सघन पूछताछ की जा रही है। इस अवैध कारोबार के स्रोत, तेल आपूर्ति करने वाले सरगना और इसे खरीदने वाले ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



