patnarajnitiलाइफस्टाइल

गाँव-गाँव पहुँचेगी संजीवनी: बिहार के 276 प्रखंडों में खुलेंगे ब्लड कलेक्शन सेंटर

पटना। बिहार के ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और मरीजों को त्वरित राहत पहुँचाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। अब आपात स्थिति में ग्रामीण मरीजों और उनके परिजनों को रक्त (ब्लड) की आवश्यकता पड़ने पर बड़े अस्पतालों या जिला मुख्यालयों की ओर दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत प्रदेश के **276 प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC)** में ब्लड कलेक्शन सेंटर खोले जाएंगे।राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में ‘रेफरल व्यवस्था’ को मजबूत करना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना है।इन ब्लड कलेक्शन सेंटरों पर स्थानीय स्तर पर ही मरीजों के रक्त के नमूने (सैंपल) लिए जाएंगे। यदि मरीज को रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है, तो यह सेंटर नजदीकी मुख्य ब्लड बैंक से समन्वय स्थापित कर प्रखंड स्तर पर ही रक्त उपलब्ध कराएगा। इससे सुदूर इलाकों के लोगों को लंबी दूरी तय करने से मुक्ति मिलेगी और समय पर इलाज संभव हो सकेगा।वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लड बैंकों की संख्या बेहद सीमित है।

उदाहरण स्वरूप समस्तीपुर में फिलहाल सदर अस्पताल, रेडक्रॉस सोसाइटी और एक निजी रक्त केंद्र को मिलाकर कुल तीन ब्लड बैंक ही संचालित हैं। ऐसे में प्रखंड स्तर पर ब्लड कलेक्शन सेंटर शुरू होने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों, विशेषकर प्रसूति महिलाओं और दुर्घटना पीड़ितों का बहुमूल्य समय बचेगा और जान बचाना आसान होगा।ब्लड कलेक्शन सेंटर खोलने के मामले में गयाजी जिला सबसे आगे है. यहां कुल 17 प्रखंडों में केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इसके बाद मधुबनी और सिवान में 14-14, पश्चिम चंपारण और रोहतास में 12-12 तथा पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और सारण में 11-11 केंद्र खोले जाएंगे.मुजफ्फरपुर जिले में कुल 10 प्रखंडों में ब्लड कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जाने हैं. वहीं समस्तीपुर, दरभंगा, भागलपुर, नालंदा और भोजपुर में नौ-नौ केंद्र खोले जाएंगे. सहरसा, बक्सर, नवादा और मधेपुरा में आठ-आठ केंद्र स्थापित करने की योजना है.पटना, वैशाली, सुपौल और गोपालगंज जिले में सात-सात ब्लड कलेक्शन सेंटर खोले जाएंगे. किशनगंज और जमुई में छह-छह, कटिहार में सात, बेगूसराय और बांका में पांच-पांच तथा कैमूर और मुंगेर में चार-चार केंद्र स्थापित किए जाएंगे.पूर्णिया, अररिया, जहानाबाद और अरवल में तीन-तीन केंद्र खोले जाने हैं. वहीं शिवहर, खगड़िया और औरंगाबाद में दो-दो तथा लखीसराय में एक ब्लड कलेक्शन सेंटर स्थापित किया जाएगा.

Related Articles

Back to top button