newspatnarajnitiबिहार

मिलर ग्राउंड में ‘कृष्णोत्सव 2026’ का भव्य शंखनाद, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ेंगे युवा

पटना। राजधानी के वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर ग्राउंड में बुधवार को तीन दिवसीय ‘कृष्णोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यूथ अलायंस फॉर सोशल हार्मनी एंड एनवायरनमेंट के तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामयी समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात उन्होंने आचार्य किशोर कुणाल के तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। डॉ. पंडित बिपिन कुमार मिश्रा के शंखनाद से कार्यक्रम का औपचारिक आगाज हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

अधर्म बढ़ने पर अवतार लेते हैं भगवान

अपने उद्घाटन संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उनके उपदेश हर युग में समाज को प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की राह दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म और अन्याय बढ़ा है, तब-तब भगवान ने श्री राम और श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लेकर धर्म की रक्षा की है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम हैं।

बांसुरी की तान और नृत्य ने मोहा मन

उद्घाटन संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कृष्ण भक्त उस्ताद डॉ. मुजतबा हुसैन की सुमधुर बांसुरी प्रस्तुति ने पूरे प्रांगण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इसके उपरांत प्रिंस डांस ग्रुप के कलाकारों द्वारा पेश की गई ऊर्जावान प्रस्तुति ने समारोह में समां बांध दिया, जिसे दर्शकों की खूब तालियां मिलीं।

इन दिग्गजों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी मुख्य अतिथि तथा स्वास्थ्य मंत्री निशांत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंच पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. दिलीप जायसवाल, मो. जमा खान, संजय कुमार सिंह, समस्तीपुर सांसद शांभवी, धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल, अनीता कुणाल और विधायक संजीव चौरसिया सहित कई विधान पार्षद और पूर्व विधायक उपस्थित रहे। आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर किया। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में शांति व भाईचारे का संदेश देना है।

Related Articles

Back to top button