newspatnaबिहार

कैबिनेट का बड़ा फैसला: बिहार में PPP मॉडल पर 16 मेडिकल कॉलेज-अस्पताल, 330 गृह रक्षक भी होंगे बहाल

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। स्वास्थ्य, सुरक्षा और पर्यटन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मंत्रिमंडल ने कुल 17 प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें सबसे बड़ा फैसला लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत 16 मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के संचालन से जुड़ा है।

PPP मॉडल पर संचालित होंगे 16 मेडिकल कॉलेज

राज्य सरकार ने सात निश्चय-3 के अंतर्गत 16 ब्राउनफील्ड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों, जिनमें डेंटल कॉलेज भी शामिल हैं, को PPP मॉडल पर विकसित और संचालित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए चयनित ट्रांजैक्शन एडवाइजर को जारी करने और 8.27 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई।

सरकार का मानना है कि इस मॉडल से मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी, छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार

सरकार के अनुसार निजी क्षेत्र की भागीदारी से स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन अधिक प्रभावी होगा और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा। यह योजना सात निश्चय-3 के ‘सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन’ कार्यक्रम का हिस्सा है।

34 बाल गृहों की सुरक्षा के लिए 330 गृह रक्षक

कैबिनेट ने किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के तहत संचालित और प्रस्तावित 34 बाल गृहों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए 330 गृह रक्षकों की तैनाती को भी मंजूरी दी। इनमें बालक और बालिका पर्यवेक्षण गृह, विशेष गृह तथा सुरक्षित स्थान शामिल हैं।

इस व्यवस्था पर सरकार का सालाना 14.53 करोड़ रुपये खर्च होगा। गृह रक्षकों की नियुक्ति से इन संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और वहां रहने वाले किशोरों के लिए अधिक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

हेली टूरिज्म योजना को भी मिली हरी झंडी

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैबिनेट ने बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के संचालन के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की व्यवस्था को मंजूरी दी है। इस सेवा पर सरकार प्रति माह 60 लाख रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) खर्च करेगी। निर्धारित अवधि के लिए अधिकतम 3.30 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

वाल्मीकिनगर, राजगीर और मां मुंडेश्वरी का हवाई भ्रमण

योजना का पहला चरण 15 जुलाई 2026 से 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इसके तहत प्रत्येक शनिवार और रविवार को वाल्मीकिनगर, मां मुंडेश्वरी मंदिर और राजगीर का हेलिकॉप्टर टूर कराया जाएगा। साथ ही पर्यटकों को पटना शहर की स्काईलाइन का जॉय राइड अनुभव भी मिलेगा।

कैबिनेट के इन फैसलों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button