
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच सोमवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए सोमवार को ही वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी पर तेज प्रताप यादव ने जताया विरोध
जेजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की प्रत्याशी को एक झूठे मामले में फंसाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है।
तेज प्रताप ने कहा कि यदि किसी उम्मीदवार को चुनाव के दौरान इस तरह निशाना बनाया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि न्यायपालिका से उन्हें न्याय मिलेगा और जरूरत पड़ने पर उनकी पार्टी कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी।
दिल्ली से जारी किया वीडियो संदेश
वीणा मानवी की गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल दिल्ली में हैं, लेकिन जल्द ही बिहार लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार पहुंचने के बाद सरकार का घेराव किया जाएगा और पूरे मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। तेज प्रताप ने दावा किया कि वीणा मानवी की बढ़ती लोकप्रियता और चुनाव में मजबूत स्थिति के कारण उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया है।
गिरफ्तारी के समय पर उठाए सवाल
तेज प्रताप यादव ने पुलिस की कार्रवाई के समय पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि वीणा मानवी पिछले कई दिनों से लगातार क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रही थीं, लेकिन उस दौरान कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तारी होना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता पूरे घटनाक्रम को देख रही है और उनकी पार्टी इस मामले में कानूनी व लोकतांत्रिक दोनों स्तरों पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।



