newsrajnitiबिहार

बांकीपुर में जीत के बाद एक्शन मोड में प्रशांत किशोर, 4 बड़े ऐलान से बढ़ी सियासी हलचल

बांकीपुर विधानसभा सीट जीतने के बाद प्रशांत किशोर अब जनता से किए गए वादों को जमीन पर उतारने की दिशा में सक्रिय नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से वह अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और मीडिया से भी बातचीत की। प्रशांत किशोर ने इस दौरान चार अहम घोषणाएं कीं और सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

युवाओं के लिए 10 हजार प्राइवेट नौकरियों का लक्ष्य

प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य अगले एक से दो साल में कम से कम 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने का है।

इसके लिए उन्होंने युवाओं से अपना अपडेटेड सीवी और बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करने को कहा है। प्रशांत किशोर के मुताबिक, देशभर में मौजूद अपने संपर्कों के जरिए युवाओं को बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने की कोशिश की जाएगी।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नौकरी के लिए शुरुआती दौर में कुछ युवाओं को बिहार से बाहर जाकर काम करना पड़ सकता है।

प्राइवेट स्कूलों की फीस कम कराने की कोशिश

शिक्षा को लेकर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी है।

उनके मुताबिक, बांकीपुर में करीब 70 फीसदी परिवार अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाते हैं। ऐसे में बढ़ती स्कूल फीस अभिभावकों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन रही है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि मार्च 2027 तक निजी स्कूल संचालकों के साथ बातचीत कर ऐसी व्यवस्था तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे फीस का बोझ कम हो और ज्यादा से ज्यादा परिवार अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिला सकें।

3 महीने में राशन कार्ड की व्यवस्था सुधारने का दावा

वही राशन कार्ड और मुफ्त अनाज वितरण को लेकर भी प्रशांत किशोर ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें तीन महीने का समय मिले तो राशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिश्वत लेने की व्यवस्था को खत्म करने की कोशिश की जाएगी।

पीके ने मुफ्त अनाज वितरण में करीब 30 फीसदी चोरी होने का दावा करते हुए कहा कि इसका फायदा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 5 किलो मुफ्त अनाज देने की बात करती है, लेकिन गरीबों तक कई जगह सिर्फ 4 किलो ही पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों में व्यवस्था सुधारने की कोशिश होगी, ताकि जरूरतमंदों को उनके हिस्से का पूरा 5 किलो अनाज मिल सके।

60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 1100 रुपये पेंशन

प्रशांत किशोर ने बुजुर्गों की पेंशन को लेकर भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 60 साल से अधिक उम्र के जिन बुजुर्गों को 1100 रुपये की पेंशन नहीं मिल रही है, वे उनके कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों को 1100 रुपये की पेंशन दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की कोशिश की जाएगी।

बीजेपी ने साधा निशाना, पीके ने दिया जवाब

प्रशांत किशोर की इन घोषणाओं के बाद बिहार की राजनीति में भी बहस तेज हो गई है। खासकर 10 हजार युवाओं को निजी नौकरी दिलाने के ऐलान को लेकर बीजेपी ने उन पर निशाना साधा है।
बीजेपी की ओर से सवाल उठाया गया कि बिहार से पलायन रोकने की बात करने वाले प्रशांत किशोर अब युवाओं को रोजगार के लिए राज्य से बाहर भेजने की बात क्यों कर रहे हैं।

इस पर प्रशांत किशोर ने भी पलटवार किया। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ-साथ छात्र आंदोलनों को लेकर भी तंज कसा। ऐसे में बांकीपुर से जुड़े उनके ऐलानों ने आने वाले दिनों में बिहार की सियासत को और गर्म करने के संकेत दे दिए हैं।

Related Articles

Back to top button