
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला पत्रकार उनकी शादी को लेकर सवाल पूछती हैं। सवाल सुनते ही निशांत कुमार मुस्कुरा देते हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं देते और आगे बढ़ जाते हैं। उनके इस अंदाज पर वहां मौजूद अधिकारी और पत्रकार भी हंस पड़ते हैं।
IGIMS कार्यक्रम में हुआ दिलचस्प वाकया
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) पहुंचे थे, जहां उन्होंने कई नई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडिया से स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। इसी दौरान एक महिला पत्रकार ने व्यक्तिगत सवाल पूछने की अनुमति मांगी।
शादी को लेकर पूछा गया सवाल
पत्रकार ने निशांत कुमार से पूछा कि चर्चा है कि वह मार्च महीने में शादी करने वाले हैं, क्या इसमें कोई सच्चाई है? यह सवाल सुनते ही मंत्री के चेहरे पर मुस्कान आ गई। हालांकि उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की और बिना कुछ बोले आगे बढ़ गए। उनका यह रिएक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
इसी साल रखी राजनीति में कदम
निशांत कुमार, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र हैं। लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखने के बाद उन्होंने मार्च 2026 में जेडीयू की सदस्यता लेकर सार्वजनिक राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की।
स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं
7 मई 2026 को सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया। उस समय उनके उपमुख्यमंत्री बनने की भी चर्चा हुई थी, लेकिन बाद में यह जिम्मेदारी जेडीयू के अन्य नेताओं को सौंपी गई।
शादी को लेकर बनी रहती है चर्चा
करीब 45 वर्षीय निशांत कुमार अब तक अविवाहित हैं। यही कारण है कि समय-समय पर उनकी शादी को लेकर चर्चाएं होती रहती हैं। हालांकि इस बार भी उन्होंने सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। उनकी मुस्कान और चुप्पी ने सोशल मीडिया पर नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है।



