
बिहार में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 19 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कटिहार और किशनगंज में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा अररिया, भागलपुर, बांका, मधेपुरा, पूर्णिया और सुपौल में ठनका गिरने की आशंका जताते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक मुजफ्फरपुर से गुजर रही सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से उत्तर और पूर्वी बिहार में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर समेत आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ क्षेत्रों में भी छिटपुट वर्षा की संभावना है।
उमस से मिलेगी राहत
लगातार बनी गर्मी और उमस के बीच यह बारिश लोगों को कुछ राहत दे सकती है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद धूप निकलने पर नमी बढ़ने से उमस फिर महसूस हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 75.6 मिमी वर्षा सीवान के मैरवा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अररिया के कुर्साकांटा (62.6 मिमी), सीवान के दरौली (61 मिमी), अररिया के सिकटी (60 मिमी), गोपालगंज के भोरे (52.2 मिमी), किशनगंज के पोठिया (44.8 मिमी), पश्चिम चंपारण के त्रिवेणी (43 मिमी), सुपौल के बीरपुर (36 मिमी), मधुबनी के बाबूबरही और शिवहर (32.6-32.6 मिमी) में भी अच्छी वर्षा हुई।
पटना में भी बदल सकता है मौसम
राजधानी पटना में रविवार को दिनभर उमस बनी रही, लेकिन शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पटना और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
किसानों को बारिश से उम्मीद
हालांकि मानसून पूरे बिहार में पहुंच चुका है, लेकिन अब तक सामान्य से कम बारिश होने के कारण धान की रोपाई प्रभावित हुई है। कई इलाकों में खेतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाया है और जल स्रोतों का स्तर भी अपेक्षा से कम है। ऐसे में किसान आगामी बारिश से बेहतर खेती की उम्मीद लगाए हुए हैं।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना: अधिकतम 35.0°C, न्यूनतम 26.9°C
गया: अधिकतम 35.2°C, न्यूनतम 27.3°C
भागलपुर: अधिकतम 34.5°C, न्यूनतम 26.7°C
मुजफ्फरपुर: अधिकतम 31.4°C, न्यूनतम 27.0°C
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें। किसानों और आम नागरिकों को मौसम की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।



