
मोतिहारी: चंपारण की धरती पर एक बार फिर विकास की नई गाथा लिखी जाने वाली है। आगामी 1, 2 और 3 सितंबर को मोतिहारी में दो बड़े कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिरकत करेंगे और जिलेवासियों को लगभग 300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। जिला प्रशासन ने इस बहुप्रतीक्षित आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले बापूधाम महोत्सव में इस बार राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों का जमावड़ा लगेगा। कार्यक्रम में मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर, करीना पांडेय और सलमान अली जैसे दिग्गज कलाकार अपने सुरों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसी ऐतिहासिक मंच से मुख्यमंत्री जिले की कई अहम विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को नई रफ्तार मिलेगी।विकास योजनाओं के साथ-साथ आम जनजीवन और किसानों को सीधा लाभ पहुंचाने वाले कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी करते हुए मुख्यमंत्री बरुआ घाट पुल का उद्घाटन करेंगे। इसके शुरू होने से इलाके के हजारों लोगों की आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। इसके अलावा, कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से कृषि, पशुपालन एवं मत्स्य उद्यमी मेले का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा इस मेले के उद्घाटन के बाद जिले के किसानों और उद्यमियों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नई सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार की संभावनाओं से रूबरू कराया जाएगा।जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बताया कि इन दोनों प्रमुख आयोजनों को सफल और त्रुटिहीन बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा और भीड़ प्रबंधन तक, हर मोर्चे पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि आम लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।



