
पटना। बिहार के भोजपुरी गायक गणेश यादव के एक विवादित गीत को लेकर पूरे प्रदेश में बवाल मच गया है। गाने में नाई समाज पर कथित तौर पर जातिसूचक और अश्लील टिप्पणी किए जाने से समाज के लोगों में भारी आक्रोश है। इसके विरोध में औरंगाबाद जिले के सभी प्रखंडों में नाई समाज के लोगों ने आक्रोश मार्च निकालकर जमकर नारेबाजी की। औरंगाबाद मुख्यालय में निकले इस मार्च के दौरान “कर्पूरी ठाकुर अमर रहें” के नारे लगाए गए और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
हसपुरा में हुई प्रखंड स्तरीय बैठक
विरोध प्रदर्शन के क्रम में हसपुरा हाईस्कूल के समीप स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल पुस्तकालय के सभाकक्ष में नाई समाज संघ की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों ने आरोप लगाया कि गायक गणेश यादव उर्फ ‘गणेश लाजबाब’ द्वारा गाए गए गीत में नाई समाज के पारंपरिक पेशे का मजाक उड़ाया गया है। साथ ही, समाज की बेटियों के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाई संघ के सदस्यों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित गायक को तत्काल गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, उस अश्लील गीत को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने की मांग भी रखी गई है। समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि ऐसे गीत सामाजिक सौहार्द बिगाड़ते हैं और यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो नाई समाज पूरे बिहार में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।
“समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं”
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष राजू कुमार ने कहा कि नाई समाज जननायक कर्पूरी ठाकुर और ‘भोजपुरी के शेक्सपियर’ कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की परंपरा का वाहक है। इस समाज पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के बाद समाज के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।



