
पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को लेकर बिहार में सियासत गरमा गई है। मंगलवार को भगवान विश्वकर्मा पूजा और पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर सूबे में बाढ़ की त्रासदी के बीच करोड़ों रुपये बर्बाद करने और सरकारी तंत्र के भारी दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है।मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा को दीया जलाने वाला कोई आम आदमी नहीं मिल रहा है, इसलिए सरकारी कर्मचारियों को इस काम में झोंक दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना के मरीन ड्राइव से लेकर सरकारी स्कूलों तक में अधिकारियों और शिक्षकों से जबरन दीये जलवाए जा रहे हैं। राजद नेता ने कड़े शब्दों में कहा, “सरकारी अधिकारी अब भाजपा का वर्कर बनकर दीया जलाने का काम कर रहे हैं। कोई स्वेच्छा से आगे नहीं आ रहा, इसलिए शिक्षकों से स्कूल में यह काम करवाया जा रहा है।”
पीएम मोदी के जन्मदिन पर तेजस्वी का बड़ा तंज
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के कई जिलों में आई भीषण बाढ़ का जिक्र करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि एक तरफ जहां बिहार सरकार का खजाना पूरी तरह से खाली हो चुका है और आम जनता को देने के लिए पैसे नहीं बचे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री के जन्मदिन के नाम पर सरकारी खजाने से लगभग 100 करोड़ रुपये सिर्फ दीया-बाती के आयोजन में पानी की तरह बहाए जा रहे हैं।तेजस्वी ने कड़े तेवर में कहा, “बिहार की जनता इस समय बाढ़ के पानी में डूबी हुई है। लोग भारी परेशानी में हैं और जान गंवा रहे हैं। अगर यही 100 करोड़ रुपये बाढ़ पीड़ितों के राहत और बचाव कार्य में खर्च किए जाते या उनकी सुविधाओं पर ध्यान दिया जाता, तो यह कहीं अधिक बेहतर होता।” उन्होंने देश और राज्य में चरम पर पहुंची महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पढ़ाई-शिक्षा सब बर्बाद हो चुकी है, ऐसे में जनता की गाढ़ी कमाई का यह दिखावा कतई उचित नहीं है।
शिक्षकों और अफसरों को लगा दिया काम पर
इससे पूर्व, तेजस्वी यादव ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा पूजा की बधाई और शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा ने लोगों से 17 सितंबर की शाम छह बजे से सात बजे के बीच अपने घरों के बाहर दीया जलाने की अपील की थी। पटना में भाजपा कार्यालयों, नवीन किशोर सिन्हा पथ और मरीन ड्राइव सहित कई प्रमुख स्थानों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसने अब एक बड़े राजनीतिक विवाद का रूप ले लिया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर बयानबाजी तेज हो गई है।



