
पटना: बिहार में बाढ़ से बिगड़ते हालात के बीच सियासत भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की बदतर स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल एक केंद्रीय टीम बिहार भेजकर हालात का जायजा लेने और बाढ़ प्रभावित इलाकों में एयरफोर्स की मदद से राहत सामग्री पहुंचाने की गुहार लगाई है। इसके साथ ही, उन्होंने राज्य के लिए विशेष राहत पैकेज की भी मांग की है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सूबे के कई हिस्सों में बाढ़ से हालात बेहद चिंताजनक हैं। जहां सड़क या अन्य मार्गों से पहुंचना संभव नहीं है, वहां भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों के माध्यम से फूड पैकेट्स गिराए जाने चाहिए, ताकि फंसे हुए लोगों तक त्वरित मदद पहुंच सके।
राहत के नाम पर जमीनी स्तर पर कोई ठोस इंतजाम नहीं
राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए तेजस्वी ने कहा कि सरकार बाढ़ प्रबंधन में पूरी तरह विफल साबित हुई है। पीड़ितों को न तो पर्याप्त भोजन मिल रहा है और न ही बुनियादी सुविधाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए तंज कसा कि इतने गंभीर हालात के बावजूद केंद्र की ओर से कोई अपेक्षित पहल नहीं हुई है। यदि अभी चुनाव का समय होता, तो प्रधानमंत्री अब तक बिहार का दौरा कर चुके होते।
हर कोई बनना चाहता है मुख्यमंत्री
लोजपा (रामविलास) की ओर से 2030 में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा पर भी तेजस्वी ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि आज के समय में बिहार में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है। चिराग पासवान हों, जीतन राम मांझी हों या फिर भाजपा-जदयू के कई नेता, सभी इस पद की लालसा रखते हैं। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन इस संकट की घड़ी में सभी की एकमात्र प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव मदद करना होना चाहिए।



