newspatnarajniti

तेजस्वी के लोकभवन मार्च को तेज प्रताप का समर्थन, बोले छात्रों और युवाओं की लड़ाई जारी रहेगी

RJD नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बुधवार को पटना में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकभवन मार्च निकाला गया। इस मार्च को उनके बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने अपना समर्थन दिया है। उन्होंने सीवान में छात्रों पर AK-47 से फायरिंग की घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया।

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि सीवान में छात्रों पर हुई फायरिंग और उनके घायल होने की घटना चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने पेपर लीक समेत छात्रों और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष जारी रखने की बात कही।

अपने पोस्ट में तेज प्रताप ने बताया कि छात्र आंदोलन के दौरान वह खुद भी इसमें शामिल हुए थे और उन्हें तीन दिन जेल में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि ऐसे में अगर तेजस्वी यादव छात्रों और युवाओं की मांगों को लेकर मार्च कर रहे हैं, तो जनशक्ति जनता दल की ओर से वह इस आंदोलन का समर्थन करते हैं।

तेज प्रताप ने साफ किया कि छात्रों और नौजवानों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनकी आवाज उठती रहेगी।

उन्होंने अपने संदेश में छात्रों के हक को अपनी लड़ाई और युवाओं की आवाज को अपनी आवाज बताते हुए ‘जय हिंद’ और ‘जय बिहार’ का नारा भी दिया।

गौरतलब है कि इससे पहले पटना में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव भी आंदोलन में शामिल हुए थे। उस वक्त पुलिस ने उन्हें एक मॉल से हिरासत में लिया था और बाद में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। अब तेजस्वी यादव के नेतृत्व में निकले मार्च को तेज प्रताप ने खुलकर समर्थन देकर छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।

Related Articles

Back to top button