
पटना। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सूबे की सियासत को लेकर एक बड़ा दावा किया है। पटना में आयोजित आभार सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में निश्चित तौर पर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद से हटना पड़ेगा और उनकी जगह कोई बेहतर व्यक्ति इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के भारी दबाव के कारण सत्तासीन लोग अब कोई बड़ी गलती करने का साहस नहीं जुटा सकेंगे।जनता रोड और चिरैयाटांड़ स्थित टीपीएस कॉलेज में आयोजित सभाओं में प्रशांत किशोर ने आम जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है। अगर फर्जी एनकाउंटर किए जाएंगे, गरीबों की झोपड़ियों पर बुलडोजर चलेगा या राशन कार्ड से नाम काटे जाएंगे, तो जनता चुनाव में इसका कड़ा जवाब देगी और सत्ता से बेदखल कर सकती है।वार्ड स्तर पर बनेगी 50 सदस्यीय सलाहकार समितिस्थानीय समस्याओं के निदान को लेकर उन्होंने अपनी रूपरेखा भी साझा की। प्रशांत किशोर ने कहा कि पेयजल और नाली-गली जैसी बुनियादी समस्याओं को सूचीबद्ध कर लिया गया है। अगस्त के अंत तक हर वार्ड में राजनीतिक रूप से सक्रिय 50 लोगों की एक सलाहकार समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर कार्य करेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि जो भी सरकारी कर्मचारी, पदाधिकारी या ठेकेदार काम के बदले रिश्वत मांगता है या लापरवाही करता है, उसका नाम व विभाग उन्हें बताएं। इसके बाद एक्शन मोड में आए अधिकारियों के माध्यम से ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।राशन कार्ड से घूसखोरी होगी समाप्तसभा के दौरान प्रशांत किशोर ने विधायक कोटे से जुड़े कार्यों में कमीशनखोरी पूरी तरह समाप्त करने का वादा किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी तीन महीनों में राशन कार्ड बनवाने में लगने वाली घूसखोरी को खत्म किया जाएगा। जिन लोगों का नाम कट गया है या जिन्हें पांच किलो की जगह केवल चार किलो राशन मिल रहा है, उनकी समस्या का त्वरित समाधान होगा। इसके साथ ही उन्होंने बांकीपुर इलाके का उदाहरण देते हुए निजी स्कूलों द्वारा वसूली जा रही मनमानी फीस पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आगामी नवंबर तक शिक्षा क्षेत्र की इस मनमानी में हर संभव सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।



