
बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें पांच जिलों में ऑरेंज और सात जिलों में येलो अलर्ट है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ अचानक मौसम में बदलाव हो सकता है।
वहीं, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी बारिश और खराब मौसम की संभावना बनी हुई है।
40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा
बारिश के दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, तेज हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
9 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में 9 सितंबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होती रह सकती है।
पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में भारी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है।
कहीं झमाझम बारिश, तो कहीं उमस से लोग परेशान
मौसम में इस बदलाव के पीछे हवा में मौजूद नमी को अहम कारण माना जा रहा है। दिन में तापमान बढ़ने के कारण स्थानीय स्तर पर बादलों का तेजी से निर्माण हो रहा है। इसी वजह से एक ही जिले के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिल रहा है।
कहीं तेज बारिश हो रही है, तो कुछ दूरी पर सिर्फ बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में बारिश के बीच भी उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
पटना में भी बारिश की संभावना
राजधानी पटना में सुबह के समय धूप निकलने की संभावना है, जिसके चलते उमस महसूस हो सकती है। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। बारिश के बाद भी पटना में उमस से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है।
पिछले 24 घंटे के दौरान पटना में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अररिया में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे में अररिया में सबसे अधिक 51 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद नालंदा में 50 मिमी और कटिहार में 41 मिमी बारिश हुई। गोपालगंज में 36 मिमी, जबकि पटना में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के बावजूद सामान्य से 36 फीसदी कम है मानसून
बिहार में हाल के दिनों में बारिश का दौर जरूर तेज हुआ है, लेकिन पूरे मानसून सीजन का आंकड़ा अभी भी सामान्य से काफी नीचे है। राज्य में अब तक 803.7 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है, जबकि इस अवधि में सिर्फ 517.9 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
यानी बिहार में अब तक सामान्य से करीब 36 फीसदी कम बारिश हुई है। आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी में कुछ सुधार की उम्मीद है।



