
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले, विपक्ष के प्रदर्शन और संसद में गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग को लेकर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने विपक्ष पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष राजनीतिक रूप से हताश हो चुका है और जनता का समर्थन खोने के बाद अब छात्रों और आम लोगों को भड़काकर माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
रामकृपाल यादव ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस जनहित का मुद्दा नहीं बचा है। उनके अनुसार, लगातार चुनावों में मिली हार के कारण खासकर कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है और इसी वजह से विपक्ष हर मुद्दे को आंदोलन का रूप देने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सुनियोजित तरीके से छात्रों और आम नागरिकों को भ्रमित कर सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करना चाहता है। उनका कहना था कि विपक्ष का मकसद केवल विरोध करना रह गया है, लेकिन जनता अब उनकी राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।
रामकृपाल यादव ने यह भी कहा कि नीट मामले को लेकर कुछ ऐसी शक्तियां भी सक्रिय हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करती हैं। उनके मुताबिक, इनका उद्देश्य विकास कार्यों से ध्यान भटकाकर राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाना है, लेकिन लोग ऐसे प्रयासों को समझ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। सरकार किसी भी सवाल से पीछे नहीं हटती, बल्कि विपक्ष ही संसद में सार्थक चर्चा करने के बजाय राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करता है।
मंत्री ने दावा किया कि जनता अब तथ्यों और राजनीति के बीच का अंतर समझती है और केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से प्रभावित होने वाली नहीं है।



