
मोतिहारी जिले के चकिया थाना क्षेत्र के मनी छपरा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के लिए युवक के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार किया गया और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है और हत्यारोपी पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की शिनाख्त मनी छपरा निवासी राजेश चौधरी (30) के रूप में हुई है।जानकारी के मुताबिक सुबह ग्रामीणों ने वार्ड संख्या एक में सड़क किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव देखा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हत्या के तरीके को देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और डॉग स्क्वायड से जांच की मांग पर अड़ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मृतक राजेश की मां का बयान दर्ज किया, जिसके बाद शक की सूई पत्नी पूजा कुमारी पर जा टिकी। पुलिस ने संदेह के आधार पर पूजा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे वह ज्यादा देर टिक न सकी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूजा के प्रेम-प्रसंग में उसका पति राजेश बाधक बन रहा था। इसी खुन्नस में उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची। मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने छापेमारी की और घटना में शामिल बड़ा बैशाहा निवासी सत्येंद्र सहनी (27) और उसके साथी रंजन सहनी (26) को उनके घर से धर दबोचा। चकिया डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह शव मिलने की सूचना पर थानाध्यक्ष धर्म प्रकाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटना की तफ्तीश में मिले साक्ष्यों और पत्नी से हुई पूछताछ में प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या की बात सामने आई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पत्नी और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफल छापेमारी में थानाध्यक्ष के अलावा दारोगा धनंजय कुमार, दारोगा विवेक कुमार, दारोगा मौसम कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट



