
बिहार में कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से सम्राट चौधरी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। राज्य सरकार ने 16 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए कई अहम पदों पर नई नियुक्तियां की हैं। गृह विभाग की ओर से रविवार को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई।
इस फेरबदल में राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण के एडीजी सुधांशु कुमार को अब एडीजी लॉ एंड ऑर्डर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में तैनात नैयर हसनैन खान को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीसैप) भेजा गया है।
सरकार ने चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को मगध क्षेत्र (गया) का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है। वहीं 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी परेश सक्सेना को असैनिक सुरक्षा विभाग में ही पदोन्नति देते हुए पुलिस महानिदेशक (DG) बनाया गया है।
तकनीकी सेवाएं एवं संचार विभाग के एडीजी निर्मल कुमार आजाद को अब डीजी प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के एडीजी डॉ. अमित कुमार जैन को आर्थिक अपराध इकाई का नया एडीजी बनाया गया है।
इसके अलावा बजट, अपील एवं कल्याण विभाग के एडीजी डॉ. कमल किशोर सिंह को रेलवे एडीजी की जिम्मेदारी मिली है, जबकि अजीताभ कुमार को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं आधुनिकीकरण विभाग की कमान सौंपी गई है।
एडीजी प्रशिक्षण संजय सिंह अब बजट, अपील एवं कल्याण विभाग संभालेंगे। चर्चाओं में रहने वाले आईपीएस अधिकारी अमित लोढ़ा को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो से हटाकर एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है।
सुरक्षा विभाग के एडीजी अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विशेष शाखा में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत केएस अनुपम को अपराध अनुसंधान विभाग में एडीजी कमजोर वर्ग नियुक्त किया गया है।
सरकार ने विकास वैभव को बिहार राज्य योजना परिषद के परामर्शी पद से हटाकर मगध क्षेत्र का आईजी बनाया है। रेलवे आईजी पी. कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के आईजी रंजीत कुमार मिश्र को अपराध अनुसंधान विभाग भेजा गया है, जबकि बीसैप के आईजी संजय कुमार अब विशेष शाखा के नए पुलिस महानिरीक्षक होंगे।



