newspatnaबिहारहादसा

कलश शोभा यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, अनियंत्रित रथ की चपेट में आने से दर्जन भर श्रद्धालु घायल

शिवहर। शारदीय नवरात्रि को लेकर पूरे जिले में भक्ति और उत्साह का माहौल है, लेकिन यह उत्साह उस समय चीख-पुकार और भारी अफरा-तफरी में तब्दील हो गया, जब शहर के नवाब हाई स्कूल के समीप चिकनौटा जाने वाली सड़क के तीव्र ढलान पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, चिकनौता द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा से लौटते समय जलबोझी कर आ रहे श्रद्धालुओं से भरा एक रथ अचानक अनियंत्रित होकर ढलान पर तेजी से लुढ़कने लगा। इस खौफनाक घटना में रथ की चपेट में आने से सड़क पर चल रहे एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु गंभीर व आंशिक रूप से घायल हो गए। हादसे के ठीक बाद मौके पर भीषण भगदड़ मच गई और हर तरफ चीख-पुकार की स्थिति उत्पन्न हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवयुवक दुर्गा पूजा समिति चिकनौता के तत्वावधान में गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश शोभा यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में कुमारी कन्याएं एवं स्थानीय भक्तजन शामिल हुए थे। जलबोझी की पवित्र रस्म पूरी करने के बाद सभी श्रद्धालु पूरी आस्था और उल्लास के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही यह विशाल शोभायात्रा नवाब हाई स्कूल के समीप चिकनौता जाने वाली मुख्य सड़क की तेज ढलान पर पहुंची, अचानक श्रद्धालुओं से भरे रथ का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने से चालक का रथ से पूरी तरह से नियंत्रण समाप्त हो गया।

कलश यात्रा में मची चीख-पुकार

रथ का संतुलन बिगड़ते ही वह तेज गति से ढलान की ओर नीचे लुढ़कने लगा। ढलान होने के कारण रथ की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसके आस-पास और आगे चल रहे श्रद्धालुओं को संभलने या किनारे हटने तक का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते रथ कई लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए आगे बढ़ गया। इस हादसे में करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जो लोग कुछ पल पहले तक माता के जयकारे लगा रहे थे, उनके चेहरों पर खौफ छा गया और चारों ओर घायलों की कराह गूंजने लगी।हालांकि, स्थानीय लोगों और पूजा समिति के सजग सदस्यों ने बिना कोई समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए फौरन राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए शिवहर के सदर अस्पताल ले जाया गया। इस दर्दनाक हादसे में रूपलाल महतो नामक एक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि रथ के पहिये और भारी दबाव की चपेट में आने से रूपलाल महतो का पैर बुरी तरह टूट गया है। अस्पताल के चिकित्सकों की विशेष टीम उनकी सघन निगरानी कर रही है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, अन्य सभी घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया।

ढलान पर बेकाबू हुआ रथ

इतने बड़े हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के महकमे में भी हड़कंप मच गया। शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए तुरंत वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की एक टीम को सदर अस्पताल रवाना किया। जिलाधिकारी ने खुद पूरी स्थिति की निगरानी करते हुए स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं की स्थिति अब पूरी तरह से खतरे से बाहर और सामान्य है। उन्हें आवश्यक प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेजा जा रहा है। फिलहाल, प्रशासन की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और व्यवस्था को पुनः सुचारू कर लिया गया है। घायलों के परिजनों को भी प्रशासन द्वारा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया है।

Related Articles

Back to top button