सुपौल में बंधन बैंककर्मी से 6 लाख लूट का आरोपः हथियार के बल पर वारदात; SP भी घटनास्थल पर पहुंचे

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 पर परसरमा गांव स्थित नर्दग पुल के समीप शाम हथियारबंद अपराधियों ने बंधन बैंक के कर्मियों से 6 लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही एसपी शरथ आरएस भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।2 अपराधियों ने गाड़ी को आगे से रोकाजानकारी के अनुसार, बंधन बैंक की बसंतपुर मुख्य शाखा सेबैंक मैनेजर और एक कर्मी वाहन से 6 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नर्दग पुल के पास अपाची बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी को आगे से रोक लिया।दोनों बदमाशों ने हथियार दिखाकर चालक अमित को वाहन से नीचे उतार दिया और बैंक मैनेजर को धमकाते हुए रुपये से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।बैंक कर्मियों से पूछताछ कर जांच के निर्देशघटना की सूचना मिलने पर राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और बैंक कर्मियों से पूछताछ कर जांच के निर्देश दिए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी के साथ-साथ विभिन्न बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मी वीरपुर से लौट रहे थे। हालांकि वे इतनी बड़ी राशि लेकर कहां जा रहे थे, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। यह भी सामने आया है कि इतनी बड़ी नकदी के परिवहन की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी और न ही सुरक्षा की मांग की गई थी, जबकि बड़ी राशि के परिवहन के दौरान पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रावधान है।जल्द होगा मामले का खुलासा-SPशुक्रवार देर शाम एसपी शरथ आरएस. ने बताया कि 6 लाख रुपये की लूट की सूचना मिली है। पीड़ितों से पूछताछ के आधार पर अनुसंधान जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।



