
सोमवार की सुबह जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्ट किया है। कुछ सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
यह व्यवस्था सुबह 7 बजे से तिरंगा यात्रा की समाप्ति तक लागू रहेगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है।
इन प्रमुख रास्तों पर रहेगी नो-एंट्री
डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान के चिल्ड्रेन पार्क तक सामान्य वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड और छज्जूबाग से टीएन बनर्जी रोड की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर के बीच का रास्ता मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कारकेड के लिए आरक्षित रखा गया है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इन मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा:
डाकबंगला चौराहे से गांधी मैदान के चिल्ड्रेन पार्क तक वाहन नहीं चलेंगे।
बुद्ध मार्ग में कोतवाली टी से पुलिस लाइन तक पूर्व दिशा की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे।
छज्जूबाग स्थित एसडीओ आवास से टीएन बनर्जी रोड की ओर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी।
बुद्ध मार्ग के छज्जूबाग मोड़ से एसडीओ आवास की तरफ जाने पर रोक रहेगी।
जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक होते हुए कारगिल चौक तक सभी तरह के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
मालवाहक वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों के लिए भी कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। चिरैयाटांड़ और गोरियाटोली की ओर मालवाहक वाहनों का परिचालन नहीं किया जाएगा।
मीठापुर से बुद्ध मार्ग की तरफ और आर-ब्लॉक गोलंबर से आयकर गोलंबर की दिशा में भी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
पटना जंक्शन से गांधी मैदान की तरफ जाने वाले ऑटो डाकबंगला चौराहे से न्यू डाकबंगला रोड और फिर भट्टाचार्य मोड़ होते हुए एक्जीबिशन रोड पहुंचेंगे। इसके बाद सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली के रास्ते वापस पटना जंक्शन की ओर जाएंगे।
वहीं, एक्जीबिशन रोड से उत्तर दिशा में गांधी मैदान और गोरियाटोली से गांधी मैदान की ओर व्यावसायिक वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
ऑटो, ई-रिक्शा और बसों का बदला रूट
इंजीनियरिंग कॉलेज से चलने वाली नगर बसें भी बदले हुए मार्ग से संचालित होंगी। ये बसें गांधी चौराहा, मछुआटोली, दरियापुर तिराहा, नाला रोड, पीरमुहानी, सीडीए बिल्डिंग गोलंबर और गोरियाटोली होते हुए पटना जंक्शन जाएंगी। वापसी के लिए भी यही रूट इस्तेमाल किया जाएगा।
पटना सिटी की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा मुसल्लहपुर हाट से बारी पथ होते हुए खजांची रोड तक पहुंचेंगे। वापसी के दौरान खजांची रोड से अशोक राजपथ के रास्ते गायघाट की ओर जाएंगे।
गांधी मैदान में होगी पार्किंग की व्यवस्था
तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए गांधी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आम लोगों के प्रवेश के लिए गेट नंबर 1 और गेट नंबर 13 निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, गांधी मैदान का गेट नंबर 12 केवल मुख्यमंत्री के प्रवेश के लिए आरक्षित रहेगा।
इन रास्तों से जा सकेंगे वाहन
वोल्टास मोड़ से उत्तर दिशा की ओर जाने वाले वाहन विद्यापति मार्ग और बुद्ध मार्ग होते हुए पुलिस लाइन तिराहा की तरफ जा सकेंगे।
इसके अलावा आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ के नीचे बने गोलंबर से गांधी मैदान की ओर आने वाले फ्लैंक पर केवल तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को आने की अनुमति दी जाएगी।
यात्रा के दौरान आम वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।



