
बिहार में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार, 26 सितंबर को 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
राजधानी पटना में भी सुबह से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को शहर में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।मौसम विभाग ने पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय में येलो अलर्ट जारी किया है।
26 सितंबर तक बारिश, 27 से मौसम में सुधार के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से बिहार में बारिश का सिलसिला बना हुआ है। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण बादलों का निर्माण हो रहा है, जिससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है।
26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, 27 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने और मौसम में सुधार के संकेत हैं। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बौछारें जारी रह सकती हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सीतामढ़ी के ढेंगब्रिज में सबसे अधिक 144 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
इसके अलावा खगड़िया के बलतारा में 116.2 मिमी, मधुबनी के झंझारपुर में 110.6 मिमी, पश्चिम चंपारण के बगहा में 98.2 मिमी और खगड़िया शहर में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट
लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान नीचे आया है। शुक्रवार को कैमूर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं पटना में 27.3 डिग्री, छपरा में 28.8 डिग्री, भागलपुर में 29.2 डिग्री, पूर्णिया में 28.4 डिग्री, रोहतास में 26.6 डिग्री, दरभंगा में 28 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 26 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम?
पटना में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, पटना में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।हाल के दिनों में बिहार में अच्छी बारिश हुई है, लेकिन पूरे मानसून सीजन का आंकड़ा अभी भी सामान्य से नीचे है। राज्य में अब तक सामान्य तौर पर 959.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि वास्तविक बारिश 646.7 मिमी दर्ज की गई है।इस तरह बिहार में अब तक सामान्य से 312.7 मिमी यानी करीब 33 फीसदी कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम हो सकती हैं और मौसम सामान्य होने की संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारों का दौर बना रह सकता है।



