
पटना। बिहार में प्रतियोगी और बोर्ड परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक और कदाचार की जड़ों पर प्रहार करने के लिए राज्य सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। परीक्षा प्रणाली की शुचिता और विश्वसनीयता बहाल करने के उद्देश्य से सूबे के 29 जिलों में आधुनिक परीक्षा भवन और अभेद्य सुरक्षा वाले ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ का निर्माण कराया जाएगा। योजना के सुचारु क्रियान्वयन के लिए सरकार ने 33 करोड़ रुपये की शुरुआती राशि का प्रावधान किया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) को इस बाबत विस्तृत कार्ययोजना पर तेजी से काम करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, परियोजना के प्रथम चरण में 12 जिलों में निर्माण कार्य शुरू करने की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। इनमें नालंदा, वैशाली, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, रोहतास और बेगूसराय जैसे जिले प्रमुख रूप से शामिल हैं। जमीन अधिग्रहण की पेचीदगियों से बचने और सरकारी संसाधनों के सदुपयोग के लिए इन भवनों का निर्माण संबंधित जिलों के प्रतिष्ठित सरकारी विद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों की उपलब्ध 1 से 1.5 एकड़ भूमि पर ही किया जाएगा।
पहले चरण में 12 जिलों को हरी झंडी
नए बनने वाले परीक्षा भवनों को पूरी तरह हाई-टेक बनाया जा रहा है। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों, मोबाइल जैमर और बायोमेट्रिक हाजिरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे मुन्नाभाइयों और नकल माफियाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।वहीं, सबसे संवेदनशील कड़ी माने जाने वाले स्ट्रॉन्ग रूम को मल्टी-लेयर सुरक्षा मानकों के तहत तैयार किया जाएगा। अब तक प्रश्नपत्रों को दूर-दराज के बैंकों या थानों में सुरक्षित रखा जाता था, जहां से परीक्षा केंद्र तक लाने के दौरान लीक होने की आशंका बनी रहती थी। नए स्ट्रॉन्ग रूम बनने से प्रश्नपत्रों और उपयोग की गई उत्तर पुस्तिकाओं (ओएमआर शीट) को चौबीसों घंटे डिजिटल सर्विलांस और सशस्त्र बलों के कड़े पहरे में रखा जाएगा।
पहले चरण के प्रमुख चिन्हित केंद्र:
पूर्वी चंपारण: पीएमश्री जिला स्कूल, मोतिहारीनालंदा: आरडीएस प्लस-2 विद्यालय, राजगीररोहतास: श्रीशंकर उच्च माध्यमिक विद्यालय, तकिया (सासाराम)वैशाली: सराय आदर्श उच्च विद्यालय, भगवानपुरबेगूसराय: राजकीय बुनियादी विद्यालय, विष्णुपुरमधेपुरा: भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय परिसरकटिहार: दर्शन साह कॉलेज परिसरसीतामढ़ी: बरियारपुर मध्य विद्यालय, डुमरालखीसराय: ढेरनाथ महादेव उच्च विद्यालय, रामगढ़ चौकजमुई: जमुई बाजार प्लस-2 उच्च विद्यालयकैमूर: रतवार उच्च माध्यमिक विद्यालय, भभुआनवादा: कन्हाई इंटर स्कूल



