
पटना।बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से अहम मुलाकात कर राज्य के स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मसलों पर चर्चा की।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य रूप से बिहार में रेफरल अस्पतालों, सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों और ट्रॉमा सेंटरों की स्थिति को और उन्नत बनाने पर विस्तृत विमर्श हुआ। इसके साथ ही, राज्य में पीपीपी (PPP) मॉडल पर संचालित अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की भविष्य की कार्ययोजना को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इसे शिष्टाचार भेंट बताते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आम जनमानस को बेहतर इलाज सुलभ कराने के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।सीएम नीतीश कुमार से भी हुई संगठनात्मक चर्चाइस अहम बैठक से पूर्व, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार से भी मंत्रणा की। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने पार्टी की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर भी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता का अटूट आशीर्वाद जदयू के साथ है और पार्टी संगठन के भीतर पूर्ण सामंजस्य है।विदित हो कि निशांत के स्वास्थ्य मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद से ही राज्य में स्वास्थ्य ढांचागत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अस्पतालों की क्षमता वृद्धि और गंभीर मरीजों के लिए त्वरित रेफरल व्यवस्था तैयार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। इस बेहतरीन समन्वय के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में केंद्र के सहयोग से बिहार को स्वास्थ्य क्षेत्र में कई नई परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है।



