
मोतिहारी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर 54 किलो गांजे के साथ तीन अंतर-जिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर एक वैगन-आर कार में यह खेप छिपाकर ढाका के रास्ते चकिया ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करों के पास से गांजे के साथ-साथ नकद, मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।जानकारी के अनुसार, सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर से तस्करों का एक गिरोह वैगन-आर कार से भारी मात्रा में गांजा लेकर चकिया की ओर निकलने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और बसंत चौक के पास नाकेबंदी की गई।फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचापुलिस टीम ने बसंत चौक पर जब संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक घबरा गया और गाड़ी मोड़कर तेज रफ्तार में भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने तस्करों का पीछा शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बरवा खुर्द सैनिक रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को दबोच लिया। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 54 किलो गांजा, तीन मोबाइल फोन और 10,800 रुपये नकद बरामद हुए।
सप्लायर भी चढ़ा पुलिस के हत्थेमौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण के चकिया थाना अंतर्गत गंगा सिरसिया निवासी कमलेश कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया निवासी संजय कुमार तिवारी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया से लेकर आ रहे थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की निशानदेही पर सप्लायर विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसका मुख्य सरगना कौन है।इस सफल अभियान में सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के साथ घोड़ासहन सर्किल इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार और अपर थानाध्यक्ष रमेंद्र कुमार समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे।



