
भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के जवानों ने सोमवार की सुबह एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को धर दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अफ्रीकी देश सोमालिया निवासी काफी अली हसी के रूप में हुई है। सुरक्षा बलों ने तलाशी के दौरान उसके पास से 25 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।बस स्टैंड के पास संदिग्ध अवस्था में दिखासुरक्षा बलों को सीमा स्तंभ संख्या 353 के समीप संदिग्ध गतिविधि की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद नाका कमांडर के नेतृत्व में जवानों ने इलाके में चौकसी बढ़ा दी। सुबह करीब छह बजे बैघनाथपुर गांव स्थित बस स्टैंड के पास एक विदेशी नागरिक संदिग्धावस्था में खड़ा दिखाई दिया। जवानों ने जब घेराबंदी कर उससे पूछताछ शुरू की, तो वह घबरा गया।पासपोर्ट की वैधता समाप्त, फर्जीवाड़े की आशंकापूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वयं को हैदराबाद के निजाम कॉलेज (उस्मानिया विश्वविद्यालय) का पूर्व छात्र बताया और दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में रहने का दावा किया। जब सुरक्षा बलों ने मूल यात्रा दस्तावेज मांगे, तो उसने मोबाइल में पासपोर्ट की छायाप्रति दिखाई। तकनीकी जांच में स्पष्ट हुआ कि उसके पासपोर्ट की वैधता काफी समय पहले ही समाप्त हो चुकी है।नेपाल के रास्ते भागने की थी योजनाकड़ाई से की गई पूछताछ में विदेशी नागरिक ने स्वीकार किया कि वह नेपाल के रास्ते अवैध रूप से सोमालिया भागने की फिराक में था। इस कार्य के लिए उसने एक अज्ञात एजेंट से संपर्क साधा था। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां आरोपी को हिरासत में लेकर संयुक्त पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि देश के भीतर उसे किन लोगों का संरक्षण प्राप्त था और सीमा तक पहुंचाने में किन स्थानीय तत्वों की भूमिका रही है। घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी और सघन जांच अभियान तेज कर दिया गया है।



