newspatnaबिहार

जहां सुलग रहा था पूरा बिहार, वहां बापू की धरती पर जली शांति की मशाल!

मोतिहारी। एक तरफ जहां बिहार के कई जिले उग्र छात्र आंदोलन, पथराव, सड़क जाम और आगजनी की आग में झुलस रहे थे, वहीं महात्मा गांधी की कर्मभूमि पूर्वी चंपारण ने शांति, अनुशासन और अहिंसा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने पूरे प्रदेश को एक कड़ा संदेश दिया है। यह चंपारण ही है जिसने साबित किया है कि “जहां पत्थर चले, वहां संवाद चला… जहां आग लगी, वहां बापू की धरती पर शांति की मशाल जलती रही।”राज्य भर में फैले तनाव के माहौल के बीच चंपारण की फिजाओं में न तो हिंसा की गूंज सुनाई दी, न किसी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा और न ही कानून-व्यवस्था चरमराई। यह महज कोई संयोग नहीं था, बल्कि इसके पीछे प्रशासन की सजग रणनीति, पुलिस की मुस्तैदी और समाज की परिपक्व सोच की कहानी है।हर पल बदलते हालात के बीच जिला प्रशासन की पैनी नजर हर गतिविधि पर थी। जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात स्वयं पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करते रहे। कंट्रोल रूम से लेकर सड़कों तक, और संवेदनशील इलाकों से लेकर शैक्षणिक परिसरों तक, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा।

जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एसडीपीओ सहित हजारों पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। लगातार गश्त और खुफिया सूचनाओं की मॉनिटरिंग ने किसी भी संभावित तनाव को हिंसा में बदलने का कोई अवसर नहीं दिया।इस पूरे घटनाक्रम का सबसे प्रेरक पक्ष जिले के छात्र और युवा रहे। उन्होंने अपनी बात लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखकर यह साफ संदेश दिया कि विरोध का अधिकार लोकतंत्र की ताकत है, लेकिन हिंसा उसकी कमजोरी। आज से एक सदी पहले 1917 में जो विचार महात्मा गांधी ने चंपारण से पूरी दुनिया तक पहुंचाया था, आज उसी धरती के युवाओं ने अपने संयम से उस विरासत को फिर से जीवंत कर दिया है।पूर्वी चंपारण में प्रशासन ने केवल डंडे या पुलिस बल पर भरोसा नहीं किया, बल्कि ‘संवाद’ को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया। छात्र संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया।

इसी भरोसे और सहभागिता ने किसी भी तरह के तनाव को टकराव बनने से पहले ही समाप्त कर दिया।जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात ने जिले के युवाओं, छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के संयम की जमकर सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि चंपारण ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सत्य, अहिंसा और लोकतांत्रिक मूल्यों की विरासत आज भी यहां की सबसे बड़ी पहचान है।जब पूरा माहौल उथल-पुथल से भरा था, तब पूर्वी चंपारण ने पूरे बिहार को आईना दिखाया है। बापू की कर्मभूमि ने यह संदेश दिया है कि सबसे बड़ी ताकत लाठी, पत्थर या आग नहीं, बल्कि संयम, लोकतंत्र और अहिंसा है। किसी भी संकट का समाधान हिंसा नहीं, बल्कि विश्वास और संवेदनशील नेतृत्व ही होता है।

Related Articles

Back to top button