
पटना। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से निष्कासित किए जाने के बाद बिहार के सियासी पारे में अचानक उबाल आ गया है। इस बड़ी राजनीतिक घटना के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू पर जोरदार जुबानी हमला बोला है। तेजस्वी ने दावा किया है कि राज्य की राजनीति को लेकर उन्होंने पूर्व में जो भी भविष्यवाणियां की थीं, वे आज अक्षरशः सच साबित हो रही हैं। उन्होंने न केवल सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लिया, बल्कि मौजूदा मुख्यमंत्री को ‘दस नंबरी’ तक कह डाला। राजद नेता तेजस्वी यादव ने पार्टी से बगावत करने वाले विधायकों की वर्तमान स्थिति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने पुरानी बातों को याद करते हुए कहा कि जब बिहार विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने की प्रक्रिया चल रही थी, उस वक्त हमारे तीन विधायकों- नीलम देवी, आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद और प्रह्लाद यादव ने पाला बदल लिया था। हमने उस समय भी सदन के भीतर स्पष्ट रूप से चेताया था कि वे जहां अपना समर्थन दे रहे हैं, समय आने पर पता चलेगा कि उनके साथ क्या सुलूक होता है।
‘दो नंबरी सरकार और दस नंबरी मुख्यमंत्री’
तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि आज आनंद मोहन अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर परेशान हैं, प्रह्लाद यादव को चुनाव में टिकट तक नसीब नहीं हुआ, और अनंत सिंह की जो दुर्दशा हुई है, वह सबके सामने है। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ गद्दारी करने वालों का हश्र यही होता है और मेरी वह भविष्यवाणी आज सच बनकर सामने आ गई है। तेजस्वी यादव ने जदयू के राजनीतिक अस्तित्व पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव के वक्त उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं और उनका केवल राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। राजद नेता ने दावा किया कि मैंने भविष्यवाणी की थी कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जाएगा। चुनाव संपन्न हुए और महज सौ दिनों के भीतर ही उन्हें पद से हटा दिया गया।
‘नीतीश कुमार अचेत अवस्था में, जदयू अब भाजपा का प्रकोष्ठ’
तेजस्वी ने आगे कहा कि जदयू अब समाप्त होने की कगार पर है और पार्टी के भीतर घमासान मचा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू अब भाजपा का महज एक प्रकोष्ठ (सेल) बनकर रह गई है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे भी भाजपा पृष्ठभूमि से आते हैं और इन लोगों ने अपने पद और निजी स्वार्थ के लिए पूरी पार्टी को बेचकर बर्बाद कर दिया है। मौजूदा एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि वर्तमान सरकार चोर दरवाजे से सत्ता में आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि यह ‘दो नंबरी’ सरकार है और इसके मुख्यमंत्री ‘दस नंबरी’ हैं। ऐसी सरकार से राज्य की भलाई की क्या ही अपेक्षा की जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि जिन नेता को आज मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाया गया है, उनके चेहरे पर एनडीए गठबंधन को राज्य में दस सीटें भी हासिल नहीं होने वाली हैं। वहीं, राजद में अनंत सिंह की वापसी की अटकलों को खारिज करते हुए तेजस्वी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की ओर से अनंत सिंह को पार्टी में शामिल होने का कोई भी प्रस्ताव नहीं दिया गया है।



