
बिहार के मोतिहारी में नवजात शिशु की खरीद-बिक्री के एक बड़े मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेचे गए नवजात को सकुशल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही इस अवैध सौदे में इस्तेमाल किए गए 1.50 लाख रुपये भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में पकड़े गए लोगों में बच्चे के माता-पिता, कथित खरीदार, एक बिचौलिया और एक आशा कार्यकर्ता शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के कोबरा पकड़िया टोला निवासी प्रमोद साहनी और उनकी पत्नी हिंदू देवी (बच्चे के माता-पिता) के रूप में हुई है।
वहीं, बच्चे को खरीदने वाली महिला तान्या खातून उर्फ कुरैशा खातून नगर थाना क्षेत्र के बलुआ गोपालपुर की निवासी बताई गई है। इसके अलावा, इस मामले में संलिप्त आशा कार्यकर्ता शोभा सिंह (बगहा, घोड़ासहन) और चिंता देवी (लाइन बसवरिया) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में रखा है। पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खरीद-बिक्री के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गहन जांच के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



