newspatnarajnitiबिहार

आरक्षण खत्म करने वाला अभी पैदा नहीं हुआ’: चिराग-मांझी विवाद में कूदे तेजस्वी, भाजपा-आरएसएस पर बोला तीखा हमला

पटना।बिहार में आरक्षण के मुद्दे पर छिड़े सियासी घमासान के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए नेताओं पर सीधा प्रहार किया है। पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने दो टूक कहा कि देश में अभी ऐसा कोई पैदा नहीं हुआ है, जो आरक्षण की व्यवस्था को खत्म कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस लंबे समय से आरक्षण को समाप्त करने की साजिश रच रहे हैं और मौजूदा बयानबाजी इसी रणनीति का हिस्सा है।राजद नेता ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये नेता लंबे समय से आरक्षित सीटों का लाभ उठाकर सत्ता में बने हुए हैं। इसके बावजूद, आज वे ऐसे लोगों के साथ खड़े हैं जो आरक्षण खत्म करने की मंशा रखते हैं। तेजस्वी ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि यदि इन नेताओं को आरक्षण से इतनी ही परेशानी है, तो उन्हें तुरंत अपने पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए और सामान्य सीट से चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक ताकत आजमानी चाहिए। अपने समाज के हितों से अधिक पद और सत्ता को महत्व देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ लेकर मंत्री बनने वाले ही आज इस पर सवाल उठा रहे हैं।बयानबाजी के पीछे की राजनीति पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने दावा किया कि एनडीए नेताओं को नागपुर से संदेश मिलता है कि कब, क्या और किसके खिलाफ बोलना है। उन्होंने चिराग, मांझी और संतोष सुमन के बीच चल रही मौजूदा बयानबाजी को पूरी तरह से भाजपा द्वारा प्रायोजित ड्रामा करार दिया। उनका कहना था कि भाजपा पर्दे के पीछे से यह सब करवा रही है ताकि इसके जरिए जनता का मिजाज भांपा जा सके। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव का भी विशेष रूप से जिक्र किया और कहा कि जब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने आरक्षण की समीक्षा की बात कही थी, तब बिहार की जनता ने चुनाव में अपने मतों से इसका करारा जवाब दिया था।

Related Articles

Back to top button