crimenewspatna

पटना में मां को जलाकर मारने का आरोप, नशे में धुत बेटे को पुलिस ने पकड़ा

पटना के खाजेकलां थाना क्षेत्र के दुल्ली घाट इलाके में शनिवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। आरोप है कि महिला के बेटे ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान 60 वर्षीय रेखा देवी उर्फ मंजू के रूप में हुई है। वह अपने बेटे चिंटू के साथ दीवान मोहल्ला, दुल्ली घाट स्थित एक किराये के मकान में रहती थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कमरे के अंदर महिला का जला हुआ शव मिला।

घर का दरवाजा अंदर से था बंद

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना शनिवार रात करीब 1:30 बजे मिली थी। मौके पर पहुंचने पर मकान का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में महिला का जला हुआ शव पड़ा था। आरोपी बेटा भी उसी घर में मौजूद था।पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने छत से छलांग लगा दी। हालांकि पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक पड़ोसी ने महिला को बचाने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी ने कथित तौर पर उसे दांत से काट लिया।

एएसपी राजकिशोर सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे का आदी होने की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय वह गांजे के नशे में था। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है और घटना के बाद वह असामान्य बातें कर रहा था।हालांकि महिला की हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।मामले में मृतका के देवर अमर साहनी के बयान के आधार पर खाजेकलां थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

पड़ोसियों ने बताया- अक्सर होता था विवाद

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी चिंटू नशे का सेवन करता था और अक्सर अपनी मां के साथ विवाद करता था। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और मृतका के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी पुलिस की निगरानी में कराए जाने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button