
बिहार के गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया है। धारदार हथियार से हुए इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
यह घटना गोपालगंज के बेलसंड गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बिजेंद्र नाथ तिवारी गांव में मौजूद थे, तभी कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक रूप ले लिया । आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना AIIMS रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
चूंकि मामला अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ा है, इसलिए यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों में भी चिंता का माहौल है। हालांकि परिवार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।



