
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को प्रदेश सरकार पर चौतरफा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और प्रतिदिन संगीन आपराधिक वारदातें सामने आ रही हैं। तेजस्वी ने सवाल किया कि क्या यही वह “नया बिहार” है, जिसका दावा डबल इंजन सरकार करती रही है।पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने विभिन्न आर्थिक अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने डस्टबिन घोटाला, एस्टीमेट घोटाला, सीएजी रिपोर्ट की आपत्तियां, सृजन घोटाला और बालिका गृह कांड जैसे मामलों का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े मामलों के बावजूद मुख्य आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।नेता प्रतिपक्ष ने छात्र आंदोलनों पर कथित पुलिसिया सख्ती की निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है। प्रस्तावित मार्च से पहले पटना कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष समेत अन्य छात्र प्रतिनिधियों को हिरासत में लिए जाने को उन्होंने अलोकतांत्रिक कदम करार दिया।रोजगार व परीक्षा प्रणाली पर उठाए सवालतेजस्वी ने कहा कि देश के सबसे युवा राज्य में युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारदर्शी रोजगार प्रक्रिया की आवश्यकता है। उन्होंने पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।नेता प्रतिपक्ष ने युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों से सरकार की नीतियों के विरोध में एकजुट होने की अपील की। उन्होंने जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रस्तावित राजभवन मार्च में शामिल होने का आह्वान किया।



