
सिवान में AK-47 से फायरिंग के विरोध में RJD के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पटना में जोरदार प्रदर्शन किया गया। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से शुरू हुआ लोकभवन मार्च डाकबंगला चौराहे तक पहुंचा, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आयकर चौक की ओर बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने आयकर चौक के पास मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। तेजस्वी यादव खुद बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ते नजर आए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आयकर चौक के आसपास पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
वाटर कैनन चलाए जाने के बाद पुलिस ने तेजस्वी यादव, मीसा भारती, राज्यसभा सांसद संजय यादव समेत RJD के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए जाने से पहले तेजस्वी यादव ने वाटर कैनन की कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सम्राट चौधरी के आदेश पर की गई है। तेजस्वी ने कहा कि ऐसी कार्रवाई से आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वे जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि अब जनता जाग चुकी है और सड़कों पर उतर आई है। तेजस्वी ने दावा किया कि सरकार को आखिरकार जनता के दबाव के आगे झुकना ही पड़ेगा और इस तरह की कार्रवाई से आंदोलन को रोका नहीं जा सकता।



