newspatnarajnitiबिहारराजनीति

एमएलसी चुनाव: पटना पहुंचे नितिन नबीन, एनडीए की रणनीति पर करेंगे मंथन; पटना स्नातक सीट बनी प्रतिष्ठा का सवाल

बिहार विधान परिषद (एमएलसी) की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। चुनाव की घोषणा के बाद उनके इस पहले दौरे को संगठनात्मक मजबूती और एनडीए के भीतर राजनीतिक समन्वय के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। नबीन अपने पटना प्रवास के दौरान एनडीए के प्रमुख नेताओं के साथ अहम बैठकें करेंगे। इन बैठकों का मुख्य एजेंडा विधान परिषद की आठों सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए अचूक रणनीति तैयार करना है। जानकारी के अनुसार, बैठक में सहयोगी दलों और उम्मीदवारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, वोटों के समीकरण को साधने और जमीनी स्तर पर चुनावी रणनीति को धार देने पर गहन मंथन किया जाएगा।

एनडीए नेताओं के साथ बनेगी चुनावी रणनीति

चुनावी रणनीति के अलावा, नितिन नबीन अपने विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं से भी सीधा संवाद करेंगे। इस मुलाकात का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना है। साथ ही, राज्य सरकार के कामकाज और जनता तक पहुंच रही सरकारी सुविधाओं की जमीनी हकीकत की समीक्षा भी की जाएगी। विधान परिषद चुनाव में ‘पटना स्नातक सीट’ इस बार सबसे हाई-प्रोफाइल और चुनौतीपूर्ण बन गई है। इस सीट से एनडीए की ओर से जदयू के मुख्य प्रवक्ता और निवर्तमान एमएलसी नीरज कुमार आधिकारिक उम्मीदवार हैं। वहीं, प्रशांत किशोर के ‘जन सुराज’ ने अनुज सिंह को मैदान में उतारकर मुकाबले को बेहद कड़ा कर दिया है।

अनंत सिंह की एंट्री से दिलचस्प हुआ मुकाबला

पटना स्नातक सीट का सियासी पारा उस वक्त और चढ़ गया, जब पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने खुलकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान कर दिया। अनंत सिंह लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं और स्नातक मतदाताओं को गोलबंद करने में जुटे हैं। उनके इस आक्रामक चुनाव प्रचार ने स्थानीय समीकरणों को उलझा दिया है।ऐसे में नितिन नबीन के इस दौरे में पटना स्नातक सीट को लेकर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है। अनंत सिंह के प्रभाव को काटने और स्नातक मतदाताओं के बीच एनडीए की पैठ बरकरार रखने के लिए पार्टी रणनीतिकारों के साथ विशेष चर्चा की जाएगी।

Related Articles

Back to top button