
मोतिहारी। श्रावणी मेला के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाकर जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों के लिए रेलवे ने एक बड़ी सौगात दी है। मेले के दौरान ट्रेनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर पूर्व मध्य रेलवे ने 12 जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। इसमें विशेष रूप से चंपारण और उत्तर बिहार के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रक्सौल से देवघर के बीच एक जोड़ी नई मेला स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे के इस फैसले से कांवरियों में हर्ष का माहौल है।पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वती चन्द्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए गाड़ी संख्या 05545/05546 रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन—प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को दोनों दिशाओं में चलेगी।रक्सौल से खुलने के बाद यह स्पेशल ट्रेन चंपारण और मिथिलांचल को जोड़ते हुए सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, जमालपुर और भागलपुर के रास्ते देवघर तक अपनी दूरी तय करेगी। इससे मार्ग में पड़ने वाले कई जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।रक्सौल से देवघर (05545): यह स्पेशल ट्रेन रक्सौल स्टेशन से मध्य रात्रि 12:30 बजे खुलेगी और मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए उसी दिन शाम 05:05 बजे देवघर पहुंचेगी। देवघर से रक्सौल (05546): वापसी दिशा में यह ट्रेन देवघर से शाम 06:05 बजे प्रस्थान करेगी और पूरी रात सफर तय करते हुए अगले दिन सुबह 11:40 बजे रक्सौल पहुंचेगी।
श्रावणी मेले के दौरान उत्तर बिहार से देवघर जाने वाली नियमित ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती है। रेलवे की इस विशेष व्यवस्था से न केवल कांवरियों की यात्रा सुलभ होगी, बल्कि नियमित ट्रेनों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव और भीड़भाड़ से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।



