
पटना के चर्चित ज्ञानबिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रोशन आनंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और नेपाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल के एक होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान देर रात उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान से जुड़े विवाद के बाद प्रिंस यादव का नाम भी सुर्खियों में आया था। इस मामले में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे पिछले कुछ समय से नेपाल में रह रहे थे।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह सिर्फ एक मौत नहीं बल्कि एक गंभीर आपराधिक घटना प्रतीत होती है, जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए।
पप्पू यादव ने बिहार सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और नेपाल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सच्चाई सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है और अब इस घटना ने उनके दुख को और बढ़ा दिया है।
सांसद ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। फिलहाल सभी की नजरें नेपाल पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



