crimenewsबिहार

मोतिहारी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का बड़ा खुलासा: पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई में 8 गिरफ्तार, एक बच्चा बरामद

मोतिहारी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का बड़ा खुलासा

मोतिहारी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एक बड़े खेल का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्पेशल टास्क फोर्स के सहयोग से ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक नवजात शिशु को सुरक्षित बरामद करने के साथ ही 1.12 लाख रुपये नकद, एक एम्बुलेंस और एक ऑल्टो कार भी जब्त की है।गुप्त सूचना के आधार पर 3 सितंबर 2026 को पकड़ीदयाल स्थित विशाल चाइल्ड केयर अस्पताल के पास से एक नवजात शिशु का सौदा कर उसे वाहनों के जरिए चोरमा कोठी बाजार की ओर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।

एम्बुलेंस में महिला की गोद से मिला मासूम

संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरमा कोठी बाजार के समीप संदिग्ध वाहनों को रोक लिया और तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के अंदर एक महिला की गोद से नवजात शिशु को बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला और अन्य आरोपियों ने शिशु की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में गौतम कुमार, चंदन राम, छोटू कुमार, कुणाल कुमार और गुड्डू कुमार शामिल हैं, जबकि इस नेटवर्क में शामिल तीन महिलाओं को भी पुलिस ने दबोचा है।एक मासूम की इस बरामदगी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह खंगालने में जुट गई है कि यह गिरोह कितना बड़ा है और इसके तार किन-किन जिलों या राज्यों से जुड़े हैं। प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इस अवैध धंधे के मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button