
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के पांचवें राउंड के बाद भी जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार उन्हें अब तक 8971 वोट मिले हैं। वहीं भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 6652 वोट, जबकि राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 1534 वोट प्राप्त हुए हैं। इस तरह प्रशांत किशोर फिलहाल 2319 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं।
हर राउंड में बढ़ती गई बढ़त
मतगणना के शुरुआती दौर से ही प्रशांत किशोर लगातार आगे चल रहे हैं। पहले राउंड में उन्हें 862 वोट, दूसरे राउंड तक 3795 वोट, तीसरे राउंड में 5032 वोट और चौथे राउंड के बाद 6269 वोट मिल चुके थे। पांचवें राउंड में उनका आंकड़ा बढ़कर 8971 वोट पहुंच गया, जिससे उनकी बढ़त भी कायम रही।
दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार भी लगातार मुकाबले में बने हुए हैं। पांचवें राउंड तक उन्हें 6652 वोट मिले हैं। दोनों उम्मीदवारों के बीच 2319 वोटों का अंतर है, जिससे मुकाबला अभी भी रोचक बना हुआ है।
मुख्य मुकाबला बीजेपी और जन सुराज के बीच
चुनाव प्रचार के दौरान इस सीट पर भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबले की चर्चा थी। हालांकि मतगणना के रुझानों ने तस्वीर बदल दी है। अब तक के परिणामों में मुकाबला मुख्य रूप से जन सुराज और भाजपा के बीच सिमटता नजर आ रहा है।
वहीं राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को पांचवें राउंड तक 1534 वोट मिले हैं, जिससे वह दोनों प्रमुख उम्मीदवारों से काफी पीछे चल रही हैं।
मतगणना से पहले प्रशांत किशोर ने जताया था भरोसा
मतगणना से एक दिन पहले रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने अपनी जीत का दावा किया था। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने के साथ कहा था कि परिणाम आने के बाद जीत का अंतर सभी के सामने होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी जीत का अंतर इतना बड़ा होगा, जितने वोटों से भाजपा इस सीट पर पहले कभी नहीं हारी होगी।
अब सभी की नजरें आगामी राउंड की मतगणना पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि प्रशांत किशोर अपनी बढ़त बनाए रखते हैं या भाजपा वापसी करने में सफल होती है।



