newspatnaबिहार

2 जुलाई से पटना मेट्रो का होगा विस्तार, मलाही पकड़ी तक शुरू होगी सेवा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

राजधानी पटना में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 2 जुलाई से पटना मेट्रो का दायरा बढ़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद मेट्रो सेवा न्यू ISBT से आगे बढ़कर मलाही पकड़ी तक शुरू हो जाएगी। इस विस्तार से राजधानी के हजारों यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और जाम मुक्त सफर का विकल्प मिलेगा।

विस्तार के बाद मेट्रो न्यू ISBT, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशनों के बीच चलेगी। हालांकि, खेमनीचक स्टेशन से ट्रेन गुजरेगी जरूर, लेकिन फिलहाल वहां रुक नहीं सकेगी क्योंकि स्टेशन का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। निर्माण पूरा होने के बाद इसे भी यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

किराए की बात करें तो न्यू ISBT से मलाही पकड़ी तक अधिकतम किराया 30 रुपये रखा गया है, जबकि भूतनाथ स्टेशन तक यात्रा के लिए 15 रुपये देने होंगे। फिलहाल मेट्रो का संचालन सिंगल ट्रैक पर वॉकी-टॉकी आधारित कम्युनिकेशन सिस्टम के जरिए किया जा रहा है।

मलाही पकड़ी तक मेट्रो पहुंचने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, बैरिया बाइपास, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। इससे सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और सफर का समय भी कम होगा। मेट्रो की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

वहीं, पटना मेट्रो परियोजना के अन्य हिस्सों पर भी तेजी से काम चल रहा है। मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर से जोड़ने वाली टनल का निर्माण जारी है। मोइनुल हक स्टेडियम, पटना यूनिवर्सिटी, PMCH और गांधी मैदान तक भूमिगत सुरंग का निर्माण पूरा हो चुका है, जहां अब सिविल कार्य किए जा रहे हैं। वहीं गांधी मैदान से आकाशवाणी स्टेशन तक टनल का काम अंतिम चरण में है।

परियोजना के तहत ब्लू लाइन न्यू ISBT से पटना जंक्शन तक लगभग 14.45 किलोमीटर लंबी होगी, जबकि रेड लाइन खेमनीचक से दानापुर तक करीब 17 किलोमीटर तक फैलेगी।

सरकार पश्चिमी कॉरिडोर पर भी तेजी से काम कर रही है। आकाशवाणी स्टेशन से विद्युत भवन, विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार, रुकनपुरा, पाटलिपुत्र, RPS मोड़, सगुना मोड़ होते हुए दानापुर तक मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद सचिवालय और पश्चिमी पटना के लोगों को भी सीधी मेट्रो सुविधा मिलेगी।

पटना मेट्रो परियोजना की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2 जुलाई को मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने से राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक, तेज और सुविधाजनक बनेगी।

Related Articles

Back to top button