newsदेशराजनीति

मंत्रिपरिषद बैठक के बाद पीएम मोदी का बयान, बोले विकसित भारत के लिए अहम फैसलों पर चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मंत्रिपरिषद की अहम बैठक को लेकर जानकारी साझा की। नई दिल्ली में हुई इस बैठक में ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत बनाने के साथ-साथ देश में सुधारों की रफ्तार तेज करने पर विस्तार से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार लगातार नए कदमों पर काम कर रही है।

विदेश दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार शाम राजधानी दिल्ली स्थित ‘सेवा तीर्थ’ में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्यमंत्री और अन्य मंत्री शामिल हुए। यह साल 2026 की पहली पूर्ण मंत्रिपरिषद बैठक थी। इससे पहले पूरी मंत्रिपरिषद की बैठक 4 जून 2025 को हुई थी।

हालांकि बैठक के तुरंत बाद कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी, लेकिन अगले दिन पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बैठक को “सार्थक” बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में लोगों की जिंदगी को आसान बनाने और कारोबार को बेहतर माहौल देने से जुड़े कई सुझावों और बेहतरीन तरीकों पर चर्चा हुई। साथ ही यह भी विचार किया गया कि विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए सुधारों को और किस तरह आगे बढ़ाया जाए।

यह बैठक ऐसे समय में हुई जब अमेरिका-ईरान तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। केंद्र सरकार लगातार तेल की कीमतों, महंगाई और ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन की बचत करने की अपील भी की थी। उन्होंने लोगों को जरूरत पड़ने पर ‘वर्क फ्रॉम होम’ अपनाने, अधिक से अधिक ऑनलाइन मीटिंग करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी थी। इसके अलावा कुछ समय तक सोना खरीदने और विदेश यात्राओं में कटौती करने की भी अपील की गई थी।

Related Articles

Back to top button