
मोतिहारी। जिले में मोबाइल झपटमारी और चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के साथ ही पुलिस ने गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी में बड़ी कामयाबी हासिल की है। शुक्रवार को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मोतिहारी पुलिस ने 102 लोगों को उनके चोरी और गुम हुए मोबाइल वापस लौटाए। मोबाइल मिलने की आस लगभग छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर जब उनके अपने फोन वापस आए, तो खुशी देखते ही बन रही थी। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए इन 102 मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस की तकनीकी टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए इन मोबाइलों का सुराग जुटाया। बरामद किए गए कुल मोबाइलों में से 92 मोबाइल दूरसंचार विभाग के ‘सीईआईआर’ (CEIR) पोर्टल के माध्यम से ट्रैक किए गए, जबकि 10 मोबाइल पुलिस के ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से बरामद किए गए।एसपी ने जानकारी दी कि मोतिहारी में मोबाइल बरामदगी का यह अभियान अब एक बड़ा रिकॉर्ड बन चुका है। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के कुल 21 चरणों में पुलिस अब तक 2058 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद कर चुकी है। पुलिस द्वारा अब तक बरामद किए गए इन सभी मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 6 लाख 61 हजार रुपये है।समाज के हर वर्ग के लोगों को मिली राहतइस बार बरामद हुए 102 मोबाइलों के वास्तविक स्वामियों में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं। लाभुकों में 20 गृहिणियां, 13 सरकारी कर्मी, आठ व्यवसायी, सात निजी नौकरी करने वाले, सात मजदूर, पांच किसान, चार चालक, तीन मिस्त्री, एक अधिवक्ता और 26 अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस कार्यालय में जब इन सभी को बुलाकर सम्मानपूर्वक उनके मोबाइल सौंपे गए, तो लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस त्वरित और सफल कार्रवाई की भूरि-भूरि प्रशंसा की।



