
पटना। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज की प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति (नवल किशोर के खिलाफ) और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार (नीरज कुमार के खिलाफ) के समर्थन में जनसमर्थन जुटाते हुए प्रशांत किशोर ने सत्ता पक्ष पर तीखा प्रहार किया। शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि आप चाहे किसी भी श्रेणी के शिक्षक हों, आपको 7वां वेतनमान दिलाने की पूरी जिम्मेदारी अब प्रशांत किशोर की है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि गुरुजनों को उनका सम्मान और वेतनमान दिलाने के लिए अगर धरने पर बैठना पड़े, आमरण अनशन करना पड़े या मुख्यमंत्री आवास का घेराव तक करना पड़े, तो वे इससे भी पीछे नहीं हटेंगे। बिहार की सियासत में पटना शिक्षक और स्नातक एमएलसी (विधान परिषद) चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। जन सुराज अभियान के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने मंगलवार को राजधानी में एक बड़ा चुनावी दांव चला है। पटना के सिन्हा लाइब्रेरी रोड स्थित अदिति कम्युनिटी सेंटर में आयोजित जन सुराज प्रत्याशियों की नामांकन सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने मंच से दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के शिक्षकों को 7वां वेतनमान हर हाल में दिलाया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का भी महत्वपूर्ण वादा किया।
10 हजार युवाओं को रोजगार का वादा
युवाओं को साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस तरह बांकीपुर की जनता ने जाति, धर्म या दल से ऊपर उठकर बदलाव का संकल्प लिया था, उसी तरह इस बार जन सुराज के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताना है। उन्होंने घोषणा की कि डॉ. अनुज कुमार के चुनाव जीतकर आने पर, बांकीपुर की तर्ज पर पटना स्नातक क्षेत्र के 10 हजार शिक्षित बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर प्राइवेट सेक्टर में नौकरी दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी। सत्ताधारी गठबंधन पर हमला बोलते हुए प्रशांत किशोर ने निवर्तमान एमएलसी नीरज कुमार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग 15-20 सालों से सत्ता में बैठे हैं, जब वे शिक्षकों को उनका हक नहीं दिला सकते, यादवों की हत्या और समाज में हो रहे अत्याचारों पर अपना मुंह नहीं खोल सकते, तो आज किस मुंह से जनता के बीच वोट मांग रहे हैं। पीके ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार स्वयं कैमरे के सामने आकर नीरज कुमार के समर्थन में बयान दे दें, तो जन सुराज अपना प्रत्याशी मैदान से वापस ले लेगा। हालांकि, उन्होंने तंज कसा कि यह वीडियो बांकीपुर चुनाव की तरह कोई फर्जी ‘एआई (AI)’ वीडियो नहीं होना चाहिए।
सत्ता खेमे में भगदड़ का दावा
चुनावी माहौल पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने दावा किया कि सत्ताधारी दलों में इस वक्त भारी भगदड़ मची हुई है। सत्ता पक्ष के नेता यही सोच रहे हैं कि कौन पार्टी छोड़कर भागा और कौन नहीं। उन्होंने कहा कि बिहार में बेहतर शिक्षा के लिए शिक्षक और स्नातक मतदाताओं ने बदलाव का मन बना लिया है और वे सम्राट चौधरी तथा मौजूदा व्यवस्था के खिलाफ वोट करेंगे। नामांकन सभा के मौके पर किशोर कुमार मुन्ना, रामबली चंद्रवंशी, अशोक जी, सैयद मसीह उद्दीन, ओबैदुर रहमान, बब्बन यादव, रवि नारायण और दिनेश सिंह सहित भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।



