पशु अस्पताल में डॉक्टर मिले नदारद, भड़के जिला पशुपालन पदाधिकारी, दी कड़ी चेतावनी

बिहार के शिवहर जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर और दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने अब कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में जिला पशुपालन पदाधिकारी मो. फतेहुज्जमा ने पिपराही स्थित पशु चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां मुख्य पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिलीप कुमार झा ड्यूटी से नदारद पाए गए।निरीक्षण के दौरान राहत की बात यह रही कि अस्पताल के अन्य सरकारी कर्मी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित थे। इसके अलावा, मोबाइल वेटेरिनरी एम्बुलेंस के पशु चिकित्सक और चालक भी मौके पर तैनात मिले।
हालांकि, अस्पताल के प्राइवेट कर्मी भी इस दौरान अनुपस्थित पाए गए।जिला पशुपालन पदाधिकारी मो. फतेहुज्जमा ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और हाजिरी रजिस्टर की गहन समीक्षा की। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि बिना पूर्व सूचना के कार्यालय से गायब रहने वाले चिकित्सकों और कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला पशुपालन पदाधिकारी फतेहुज्जमा ने कहा समय पर डॉक्टरों के न आने के कारण ग्रामीण इलाकों से आने वाले पशुपालकों को अपने मवेशियों के इलाज में काफी परेशानी हो रही है। विभाग को इसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जिले के सभी पशु अस्पतालों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।निरीक्षण के अंत में जिला पशुपालन पदाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर अस्पताल पहुंचने और पशुपालकों को बेहतर व त्वरित चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया।



